news-details

जमीन के बंटवारे के विवाद में बेटे पर पिता की हत्या का आरोप

You can share this post!

 

 पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। महिगवां थाना क्षेत्र के अतरौरा गांव में पैतृक जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बेटे ने अपने पिता पर फावड़े से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल पिता की इलाज के दौरान केजीएमयू में मौत हो गई। पुलिस ने मामले में तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।अतरौरा निवासी रामकुमार यादव और उनके बेटे महेंद्र यादव के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शुक्रवार को रामकुमार अपने खेत में चरी की जुताई ट्रैक्टर से करवा रहे थे। इसी दौरान बेटे से कहासुनी शुरू हो गई और विवाद बढ़ गया।परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान महेंद्र यादव ने फावड़े से रामकुमार के सिर पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें केजीएमयू रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना पर महिगवां पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की बेटी मालती देवी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।परिजनों के मुताबिक रामकुमार के पास करीब तीन बीघा जमीन थी, जिसको लेकर बड़े बेटे महेंद्र यादव से अक्सर विवाद होता रहता था। महेंद्र जमीन अपने नाम कराने की मांग करता था। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।