
PARDARSHI VIKAS NEWS फर्रुखाबाद। कमालगंज विकास खंड के ग्राम जीरागौर में जलभराव, गंदगी और बढ़ती बीमारियों की समस्या को लेकर ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। ग्रामीणों का आरोप था कि नालियों का पानी सही तरीके से नहीं निकल पा रहा था, जिससे मुख्य मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी के साथ संक्रमण और बीमारियों का खतरा बढ़ गया था।ग्रामीणों ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। शिकायत मिलने के बाद कमालगंज ब्लॉक से एडीओ पंचायत शैलेंद्र त्रिपाठी और ग्राम पंचायत अधिकारी बरखा राजपूत गांव पहुंचे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से समस्या की जानकारी ली।निरीक्षण में सामने आया कि जलनिकासी बाधित होने के कारण पानी का बहाव प्रभावित हो रहा था। इसके बाद अधिकारियों ने मौके पर ही अवरुद्ध जलनिकासी को खुलवाने की कार्रवाई कराई, जिससे रुका हुआ पानी निकलना शुरू हो गया।अधिकारियों ने प्रधान प्रतिनिधि और ग्रामीणों को निर्देश दिए कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति नाली या जल निकासी के रास्ते को बाधित करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।प्रशासन ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि गांव की अन्य समस्याओं का भी निरीक्षण कर समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए स्थायी जलनिकासी व्यवस्था और नाले के निर्माण की मांग रखी।फिलहाल गांव में पानी की निकासी शुरू होने से लोगों को राहत मिली है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जलभराव, सफाई और गंदगी की समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराया जाएगा।