
PARDARSHI VIKASH NEWS इटावा के ऐतिहासिक पक्का तालाब परिसर में भगवान जगन्नाथ, भाई बलदेव और बहन सुभद्रा का स्नान पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। श्री श्री गौर निताई परिवार एवं ब्रह्म मध्व गौड़ीय संप्रदाय के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान के विग्रहों का गंगाजल, पंचामृत, सुगंधित इत्र, औषधियों और वेदलक्षणा गाय के दूध से महाअभिषेक किया गया। भगवान के दिव्य स्नान स्वरूप के दर्शन के लिए इटावा सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंचे और पूरा परिसर हरिनाम संकीर्तन व जयघोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में सनातन धर्म प्रचारक पं. मनुपुत्र दास ने स्नान पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भक्तों के लिए विशेष पुण्यदायी बताया। इस अवसर पर संतों के संदेशों का स्मरण करते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया। महाअभिषेक के बाद श्रद्धालुओं को चरणामृत और महाप्रसाद वितरित किया गया तथा भव्य भंडारे का आयोजन हुआ। देर रात तक चले इस आयोजन ने पूरे पक्का तालाब परिसर को भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।