
पारदर्शी विकास ब्यूरो तमकुहीराज (कुशीनगर)। विकास खंड तमकुही के सेमरा हर्दोपट्टी स्थित बेलही कुटी के श्री राम जानकी मंदिर परिसर में ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय धार्मिक महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार सुबह नौ बजे भव्य शोभायात्रा के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।आयोजक एवं महंत बाबा बालक दास उर्फ श्यामदास ने बताया कि पहले दिन सोमवार को सुबह नौ बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद शाम छह बजे से रात 12 बजे तक अखंड संकीर्तन, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे।मंगलवार को हनुमंत आराधना, सुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, प्रसाद वितरण तथा विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसी दिन प्रसिद्ध लोकगायक सत्या पांडेय 'नादान' और लोकगायिका काजल सिंह अपनी भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगी।शाम छह बजे से रात 10 बजे तक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन होगा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय हास्य कवि बादशाह प्रेमी अपनी हास्य एवं ओजपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।महंत बाबा बालक दास उर्फ श्यामदास ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन समस्त भक्तगणों एवं ग्रामवासियों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।