
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज। ज्येष्ठ मास के पांचवें मंगलवार को संगम नगरी प्रयागराज के बंधवा स्थित प्रसिद्ध लेटे हुए बड़े हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह मंगला आरती से पहले ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालुओं में बजरंगबली के दर्शन और पूजन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।भोर में मंदिर के महंत बलबीर गिरी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बड़े हनुमान जी का विधिवत अभिषेक किया। गंगाजल, दूध, हल्दी, शहद और अन्य पवित्र सामग्री से अभिषेक के बाद भगवान का फल, फूल, मेवा और विशेष वस्त्रों से भव्य श्रृंगार किया गया।घंट-घड़ियाल, शंख और नगाड़ों की गूंज के बीच मंगला आरती संपन्न हुई। आरती के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। विशेष अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक फूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार ज्येष्ठ मास में पड़ने वाले मंगलवार भगवान हनुमान की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माने जाते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करने तथा बजरंगबली के दर्शन करने से भय, रोग, संकट और नकारात्मक शक्तियों से मुक्ति मिलती है। साथ ही सुख-समृद्धि, आरोग्य और मनोकामनाओं की पूर्ति का आशीर्वाद प्राप्त होता है।मंदिर परिसर में सुबह से ही हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का सिलसिला जारी रहा। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने परिवार की खुशहाली, निरोग जीवन और समृद्धि की कामना करते हुए बड़े हनुमान जी के चरणों में शीश नवाया।मंदिर प्रशासन के अनुसार, पूरे दिन दर्शन-पूजन का क्रम जारी रहेगा। शाम को बड़े हनुमान जी को विशेष छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। ज्येष्ठ मास के इस पावन अवसर पर पूरा मंदिर परिसर "जय श्रीराम" और "जय बजरंगबली" के जयघोष से गुंजायमान रहा।