
PARDARSHI VIKASH NEWS जोधपुर। मंडोर कृषि मंडी इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब एक किराना व्यापारी की पैंट की जेब में रखा मोबाइल अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया और उसमें आग लग गई। हादसे में व्यापारी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय गोपाल सोनी दुकान पर बैठे थे, तभी अचानक उनकी जेब में रखे मोबाइल में ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद पैंट में आग लग गई और देखते ही देखते आग की लपटें फैल गईं। व्यापारी ने घबराकर जलता हुआ फोन निकालने की कोशिश की, जिससे उनके हाथ की अंगुलियां भी बुरी तरह झुलस गईं और जांघ का हिस्सा गंभीर रूप से जल गया।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के व्यापारियों ने तुरंत उन्हें संभाला और मंडोर के सैटेलाइट अस्पताल पहुंचाया। बाद में हालत गंभीर होने पर उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल रेफर किया गया, जहां प्लास्टिक सर्जरी विभाग की देखरेख में उनका इलाज जारी है।पीड़ित के अनुसार, मोबाइल में घटना से पहले किसी तरह की गर्मी या खराबी के संकेत नहीं थे और बैटरी भी सामान्य स्तर पर चार्ज थी। अचानक हुए इस धमाके से पूरे बाजार में दहशत फैल गई।फिलहाल डॉक्टरों की टीम घायल व्यापारी के इलाज में जुटी है और घटना की तकनीकी जांच की संभावना जताई जा रही है।