
पारदर्शी विकास, महोबा।कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जैतपुर में पुरानी रंजिश को लेकर एक व्यक्ति की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।ग्राम जैतपुर के नयापुरा मोहाल निवासी पीड़ित मलखान पुत्र स्वर्गीय छिदिया ने जैतपुर पुलिस चौकी में दिए तहरीर में बताया कि 28 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे उसके पिता छिदिया कचड़ा फेंकने गए थे। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे गांव के कुछ लोगों ने उनके पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पीड़ित ने अपनी तहरीर में लगभग एक दर्जन से अधिक व कुछ अज्ञात आरोपी के नाम दिए गए हैं। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची प्रार्थी की मां रूपरानी के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की जानकारी मिलने पर मलखान मौके पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी गई। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्यवाही तथा घायल मां का मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच करने में जुट गई है। सूत्रों की मानें तो इस हत्या के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है जिसको लेकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया है।