news-details

जूते की फैक्ट्री में भीषण आग, 7 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के थाना जगदीशपुरा क्षेत्र में गुरुवार दोपहर जूते की एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। ढाकरी का महल के पास स्थित शिव बाबाजी हाउस नाम की दो मंजिला बिल्डिंग में संचालित फैक्ट्री से अचानक धुआं उठने लगा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।बताया गया कि फैक्ट्री में दोपहर करीब 12 बजे आग लगी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फैक्ट्री में जूते बनाने का सामान, केमिकल और अन्य सामग्री रखी थी, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया।फैक्ट्री संचालक सुरेश राठौर के अनुसार घटना के समय फैक्ट्री में तीन कर्मचारी मौजूद थे। धुआं दिखाई देने पर सभी बाहर निकल आए और दमकल विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में आग की लपटें तेज हो गईं। केमिकल के ड्रम फटने से धमाके भी हुए।आग पर काबू पाने के लिए सात दमकल गाड़ियों को लगाया गया। दमकल कर्मियों ने जंगला काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। मौके पर चीफ फायर ऑफिसर देवेंद्र कुमार भी पहुंचे।अधिकारियों के मुताबिक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। बताया गया कि फैक्ट्री रिहायशी इलाके में संचालित हो रही थी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग के बाद बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए। प्रशासन फैक्ट्री में सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रहा है।