news-details

जिस गैंगस्टर को पकड़ने में लगे 59 दिन, वो 12 घंटे में ही छूट गया

You can share this post!

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर में महंत पर हमले के मामले में 59 दिनों से फरार चल रहे गैंगस्टर अजय ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार तो कर लिया, लेकिन उसे एक दिन भी जेल नहीं भेज सकी। रावतपुर पुलिस ने शनिवार शाम रतनलाल नगर से अजय ठाकुर को पकड़ा था। गिरफ्तारी के करीब 12 घंटे बाद ही रविवार सुबह वह शांतिभंग जैसी हल्की धाराओं में कार्रवाई के बाद कोर्ट से जमानत पाकर बाहर आ गया।त्रिलोकी धाम आश्रम के महंत रविकांत शुक्ला उर्फ भोला गिरी ने 29 अप्रैल को रावतपुर थाने में अजय ठाकुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि विरोध करने पर अजय और उसके साथियों ने आश्रम पहुंचकर महंत से मारपीट की थी।मामले में पुलिस ने अजय ठाकुर पर बलवा, घर में घुसकर मारपीट, चोट पहुंचाने और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस ने उसकी भाजपा का झंडा लगी थार समेत कई वाहन भी जब्त किए थे।फरारी के दौरान भी अजय सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय रहा। उसने कई वीडियो पोस्ट किए, जिनमें स्टंटबाजी और दबंग अंदाज दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज की और शनिवार को उसे रतनलाल नगर से गिरफ्तार कर लिया।हालांकि गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने गैंगस्टर के खिलाफ गंभीर धाराओं में कार्रवाई करने के बजाय शांतिभंग की कार्रवाई की, जिसके बाद कोर्ट ने उसे जमानत दे दी। अब पुलिस की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं।