news-details

जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्र का किया औचक निरीक्षण

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर।नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा के प्रथम दिवस जनपद में परीक्षा की पारदर्शिता, शुचिता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।यह परीक्षा 08 जून 2026 से 10 जून 2026 तक जनपद के कुल पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।इसी क्रम में जिलाधिकारी ने किसान इंटर कॉलेज, साखोपार स्थित परीक्षा केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कंट्रोल रूम का अवलोकन करते हुए सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कवरेज क्षेत्र एवं निगरानी प्रणाली की विस्तृत जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र की प्रत्येक गतिविधि पर सतत एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वे पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। साथ ही उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर इसमें लापरवाही या समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं निगरानी व्यवस्था तैनात की गई है।जनपद प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।