
पारदर्शी विकास न्यूज़ महोबा। जनपद में पात्र किसानों को समय पर कृषि ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 जुलाई से 23 जुलाई 2026 तक किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने इस संबंध में सभी संबंधित विभागों, बैंक अधिकारियों एवं विकास खंड अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।अभियान के तहत ऐसे किसानों की पहचान की जाएगी, जो अभी तक किसान क्रेडिट कार्ड से आच्छादित नहीं हैं। कृषि विभाग, सहकारिता विभाग, वाणिज्यिक बैंक, पीएसीएस, एफपीओ और सीएससी के सहयोग से पात्र किसानों के केसीसी आवेदन भरवाकर शीघ्र स्वीकृति दिलाई जाएगी। इसके लिए ग्राम स्तर पर जागरूकता शिविर, विशेष नामांकन शिविर, ऋण शिविर और किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिन क्षेत्रों में केसीसी कवरेज कम है, वहां विशेष कैंप लगाकर नए केसीसी बनाने और पुराने केसीसी का नवीनीकरण कराया जाए। साथ ही किसानों को समय पर ऋण चुकाने के लाभ, ब्याज में मिलने वाली रियायत तथा ओवरड्यू खातों के संबंध में भी जागरूक किया जाएगा।अभियान की नियमित समीक्षा जिला कृषि अधिकारी द्वारा की जाएगी, जबकि बैंकों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को सौंपी गई है। जिला सूचना अधिकारी को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।