news-details

जिला स्तरीय वॉलीबाल चैंपियन छात्रा की मौत से मचा कोहराम, कमरे में फंदे पर मिला शव

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। कानपुर के अरमापुर एस्टेट थाना क्षेत्र में मंगलवार रात नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा सुहाना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर के कमरे में फंदे पर लटका मिला। सुहाना जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में चैंपियन रह चुकी थी। उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल छात्रा के इस कदम के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जानकारी के मुताबिक, अरमापुर एस्टेट निवासी कृष्ण कुमार दीक्षित रक्षाकर्मी हैं। वह पत्नी बिंदु देवी और बच्चों नंदिनी, आरव व सुहाना के साथ रहते हैं। मंगलवार रात कृष्ण कुमार अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मंदिर में दर्शन करने के बाद बाजार गए थे। घर पर सुहाना, उसकी छोटी बहन नंदिनी और दादी मौजूद थीं।बताया गया कि इसी दौरान छोटी बहन नंदिनी अपनी बड़ी बहन सुहाना को देखने उसके कमरे में पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज लगाने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद नंदिनी ने दादी को बुलाया। दोनों ने दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिर धक्का देकर दरवाजा खोला गया तो सुहाना का शव फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर दोनों घबरा गईं और परिवार के अन्य सदस्यों को सूचना दी।सुहाना नौवीं कक्षा की छात्रा थी। पढ़ाई के साथ-साथ उसे खेलकूद में भी रुचि थी और वह जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में चैंपियन रह चुकी थी। एक होनहार छात्रा की अचानक मौत से परिजन और परिचित सदमे में हैं। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि किन परिस्थितियों में उसने यह कदम उठाया।घटना की सूचना मिलने पर अरमापुर एस्टेट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।थाना प्रभारी राजेंद्रकांत शुक्ला के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। परिजन भी छात्रा की मौत की वजह नहीं बता सके हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।