
पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन एवं जिला पंचायत सदस्य अमर विश्वकर्मा के बीच चल रहा विवाद अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गया है। गुरुवार को पंचरत्न विश्वकर्मा समाज ने जिला पंचायत सदस्य अमर विश्वकर्मा घुटारी के समर्थन में प्रदर्शन करते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की। सुबह करीब 11.30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे समाज के पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष विजय ड्योढिया के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि अमर विश्वकर्मा पुत्र भागीरथ, निवासी एसडीपी के पास बड़ी नहर हाईवे, रावतयाना, ललितपुर, वर्तमान में जाखलौन क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य हैं तथा पंचरत्न विश्वकर्मा समाज के महामंत्री भी हैं। समाज द्वारा दिए गए ज्ञापन के अनुसार 20 जून को शाम 5.18 बजे हरिओम पुत्र कैलाश निरंजन ने अमर विश्वकर्मा को फोन कर जिला पंचायत कार्यालय बुलाया। आरोप है कि उस समय कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन सहित 8 से 10 लोग पहले से मौजूद थे। शाम लगभग 5.30 बजे अमर विश्वकर्मा के वहां पहुंचने पर पुराने हिसाब-किताब को लेकर उनके साथ गाली-गलौज की गई। ज्ञापन में आगे आरोप लगाया गया है कि कल्लू पिसनारी नामक व्यक्ति ने अमर विश्वकर्मा के दोनों हाथ पकड़ लिए, जिसके बाद कैलाश निरंजन एवं कल्लू पिसनारी ने उनके साथ मारपीट की। आरोप यह भी है कि जान से मारने की नीयत से तौलिये से उनका गला कसने का प्रयास किया गया। पंचरत्न विश्वकर्मा समाज के जिलाध्यक्ष विजय ड्योढिया ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश निरंजन, उनके पुत्र हरिओम तथा अन्य संबंधित लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। समाज के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आगे आंदोलन करने को बाध्य होगा।