news-details

जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Amethi

बुधवार को जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं दस्तक अभियान का शुभारम्भ बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय, गौरीगंज परिसर से किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा, जबकि दस्तक अभियान 10 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलेगा। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (वीबीडी) डॉ. रामप्रसाद, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. उपाध्याय, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी गौरीगंज डॉ. राजीव सौरभ सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर नगर पालिका गौरीगंज, पंचायती राज विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए फॉगिंग मशीन एवं एंटी-लार्वा मशीन का प्रदर्शन भी किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को साफ-सफाई, मच्छरजनित बीमारियों से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा व एएनएम के माध्यम से घर-घर सर्वे कर बुखार, आईएलआई एवं क्षय रोग के लक्षण वाले मरीजों की पहचान की जाएगी। साथ ही लोगों को मच्छरों से बचाव, प्रजनन स्थलों के नष्टिकरण एवं समय पर जांच व उपचार के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं नगर निकायों को नालियों की सफाई, कूड़ा निस्तारण, फॉगिंग एवं लार्वानाशी छिड़काव की जिम्मेदारी दी गई है। पंचायती राज व ग्रामीण विकास विभाग स्वच्छता एवं जलभराव की समस्या के समाधान पर कार्य करेंगे, जबकि कृषि विभाग अनावश्यक जलभराव को समाप्त करेगा। महिला एवं बाल विकास विभाग कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण व उपचार उपलब्ध कराएगा। सीएमओ ने बताया कि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण एवं जनस्वास्थ्य में सुधार लाने का लक्ष्य रखा गया है।