
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी /गौरीगंज। भीषण गर्मी और उमस के बीच अघोषित बिजली कटौती से परेशान लोगों की समस्याओं को लेकर बुधवार को रीता सिंह जनकल्याण समिति (उ.प्र.) ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) को ज्ञापन सौंपा। समिति ने जल्द समाधान की मांग की है। समिति की अध्यक्ष अनीता गौतम ने बताया कि गौरीगंज, जायस और हथवा के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र एक ही लाइन से जुड़े हैं। इस कारण आए दिन फाल्ट और ओवरलोड की स्थिति बनती है, जिससे घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। उन्होंने कहा कि रात के समय भी अघोषित कटौती होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में उन्हें रातभर जागकर समय बिताना पड़ता है। अनीता गौतम ने यह भी बताया कि कई स्थानों पर बिजली के जर्जर और लटकते तार हादसों को न्योता दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इनकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। समिति ने ज्ञापन के माध्यम से कई मांगें रखीं। इनमें अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने, रात में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, गौरीगंज उपकेंद्र को अलग लाइन से जोड़कर ओवरलोड की समस्या दूर करने और जर्जर व लटकते बिजली के तारों को तत्काल बदलवाने की मांग शामिल है। इस दौरान उषा कनौजिया, रीता सिंह, रामलखन, बिन्दी, गीता, सनी सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।