
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उर्सला अस्पताल में मंगलवार को जिलाधिकारी (DM) ने अचानक औचक निरीक्षण किया, जिसमें बड़ी लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान 22 डॉक्टर और 10 स्वास्थ्य कर्मचारी बिना सूचना ड्यूटी से गायब मिले।डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने एडीएम सिटी राजेश कुमार सिंह के साथ अस्पताल की ओपीडी और उपस्थिति रजिस्टर की जांच की। इस दौरान मरीज डॉक्टरों का घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन कोई भी चिकित्सक ड्यूटी पर नहीं पहुंचा।जांच में यह भी सामने आया कि कुछ डॉक्टर मरीजों को बाहर की दवाएं लिख रहे थे, जिस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तुरंत इस पर रोक लगाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम की टीम ने दो दलालों को भी पकड़ा, जो मरीजों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराने और बेहतर इलाज के नाम पर पैसे लेकर गुमराह कर रहे थे।डीएम ने मौके पर मौजूद सीएमएस को फटकार लगाई और अस्पताल में व्यवस्था सुधारने की चेतावनी दी। साथ ही अनुपस्थित सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने और स्पष्टीकरण लेने के आदेश दिए गए हैं।