
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित जाजमऊ के नए गंगापुल के कानपुर छोर पर क्षतिग्रस्त एप्रोच मार्ग की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। निर्माण कार्य को देखते हुए रात के समय पुल से भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। हालांकि, हल्के चार पहिया और दोपहिया वाहन पहले की तरह चलते रहेंगे।एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार पुल के कानपुर छोर पर करीब छह मीटर लंबा एप्रोच मार्ग खराब हो गया था। सड़क में आई खराबी के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी को देखते हुए मरम्मत कार्य शुरू कराया गया है।साइट इंजीनियर आयुष शर्मा ने बताया कि पहले क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर बेस तैयार किया जाएगा। इसके बाद सीसी सड़क का निर्माण और डामरीकरण कराया जाएगा। पूरे कार्य को तीन दिन में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।निर्माण कार्य के चलते रात 10 बजे से सुबह 8 बजे तक ट्रक, कंटेनर और अन्य भारी वाहनों के पुल से गुजरने पर रोक रहेगी। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। शनिवार को डायवर्जन लागू होने के बाद कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली।अधिकारियों ने बताया कि दिन के समय सामान्य यातायात जारी रहेगा और छोटे वाहनों पर किसी तरह की रोक नहीं है। एनएचएआई ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और मरम्मत कार्य में सहयोग करने की अपील की हैमरम्मत पूरी होने के बाद जाजमऊ गंगापुल पर यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुरक्षित और सुगम होने की उम्मीद है।
