
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज में अधिवक्ता जागृति शुक्ला प्रकरण को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को बड़ा कदम उठाते हुए न्यायिक जांच (Judicial Inquiry) के आदेश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए एक अलग न्यायिक कमेटी का गठन किया जाएगा। इस कमेटी के सदस्यों की घोषणा आदेश जारी होने के बाद की जाएगी। जस्टिस सलिल कुमार राय और जस्टिस स्वरूपमा चतुर्वेदी की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई की। कोर्ट ने पुलिस से अब तक की जांच की प्रगति रिपोर्ट भी तलब की है और अगली सुनवाई बुधवार सुबह 10 बजे निर्धारित की है। यह मामला दो जनहित याचिकाओं पर आधारित है, जिन्हें अनिल कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह और ममता सिंह सहित अन्य याचिकाकर्ताओं ने दाखिल किया था। 20 मई को अधिवक्ता जागृति शुक्ला सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई थीं, जिसके बाद इलाज के दौरान एसआरएन अस्पताल में अधिवक्ताओं और जूनियर डॉक्टरों के बीच विवाद हो गया था। करीब 18 दिनों तक इलाज चलने के बाद लखनऊ पीजीआई में उनका निधन हो गया। उनकी मौत के बाद यह मामला और अधिक गंभीर हो गया तथा अधिवक्ताओं और डॉक्टरों के बीच तनाव बढ़ गया। अधिवक्ताओं ने गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कई जगहों पर हाईवे जाम कर दिए, जबकि जूनियर डॉक्टरों ने ओपीडी सेवाएं बंद कर विरोध जताया। हाईकोर्ट ने अब मामले में न्यायिक निगरानी और जांच प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का संकेत दिया है।