
PARDARSHI VIKASH NEWS आगरा के शाहगंज स्थित चर्चित जोगीपाड़ा हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। अपर जिला जज की अदालत ने आरोपी ललित उर्फ निक्कू चौधरी को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई है। आरोप है कि संपत्ति विवाद के चलते उसने अपनी बहन पूनम चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जबकि भाभी नीलू चौधरी भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई थीं।मामला शाहगंज के जोगीपाड़ा बाजार का है। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, ललित उर्फ निक्कू चौधरी का अपनी अविवाहित बहन पूनम चौधरी से पैतृक संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी दौरान उसके दिवंगत भाई की पत्नी नीलू चौधरी भी अपने खर्चे को लेकर उससे बात करने पहुंची थीं।26 नवंबर 2022 को विवाद के दौरान नीलू चौधरी ने आरोपी की दुकान पर ताला लगा दिया था, जबकि पूनम चौधरी पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रही थीं। इसी बात से नाराज होकर ललित ने दोनों महिलाओं पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।फायरिंग में पूनम चौधरी के सिर और सीने में छह गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नीलू चौधरी भी घायल हो गईं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई थी।घटना के बाद घायल नीलू चौधरी की शिकायत पर शाहगंज थाने में हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 28 नवंबर 2022 को मुठभेड़ के बाद आरोपी ललित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य अहम साक्ष्य अदालत के सामने रखे। अदालत ने सभी तथ्यों और गवाहियों को पर्याप्त मानते हुए आरोपी को दोषी पाया और फांसी की सजा सुनाई।यह फैसला आगरा के चर्चित आपराधिक मामलों में एक महत्वपूर्ण न्यायिक निर्णय माना जा रहा है।