
PARDARSHI VIKASH NEWS सरकारी राशन के गमन और पात्र लाभार्थियों को राशन न दिए जाने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बसरेहर क्षेत्र के पचावली गांव में शिकायतों के बाद हुए खुलासे से पूरे आपूर्ति विभाग में हड़कंप मच गया।ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि उनसे राशन वितरण मशीन पर अंगूठा लगवा लिया गया, लेकिन उन्हें निर्धारित गेहूं और चावल नहीं दिया गया। शिकायत मिलने पर सप्लाई इंस्पेक्टर योगेश कुमार वर्मा ने टीम के साथ राशन दुकान पर औचक जांच की। जांच के दौरान दुकान में गेहूं, चावल और बाजरा की 19 बोरियां मिलीं, लेकिन डीलर द्वारा रिकॉर्ड और स्टॉक का कोई संतोषजनक हिसाब नहीं दिया जा सका।अधिकारियों के अनुसार मौके से करीब 70 कुंतल गेहूं और 84 कुंतल चावल जब्त किया गया है। पूरे राशन को सुरक्षित रखते हुए अन्य उचित दर विक्रेता को वितरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि पात्र लाभार्थियों को परेशानी न हो।मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने पचावली की उचित दर दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। राशन डीलर ब्रजेश कुमार के खिलाफ फ्रेंड्स कॉलोनी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।