
पारदर्शी विकास ब्यूरोकसया, कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के कुड़वा दिलीपनगर स्थित गुरुमिया टोला में इलाज के दौरान एक महिला की मौत के बाद गुरुवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब शव गांव पहुंचा। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान रेनू देवी के रूप में हुई है। उनका विवाह वर्ष 2013 में गुरुमिया टोला निवासी राजन सिंह के साथ हुआ था। परिजनों के मुताबिक, शादी के बाद से ही रेनू देवी का स्वास्थ्य अक्सर खराब रहता था।बताया गया कि बुधवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। गुरुवार को शव गांव पहुंचने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।सूचना मिलते ही कसया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कसया एसओ इत्यानंद पांडेय ने बताया कि महिला की मौत इलाज के दौरान हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।