
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सोमवार को निर्वाचन कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, सीलिंग प्रक्रिया और अभिलेखों के रख-रखाव समेत निर्वाचन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप गोदाम में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जांच की। इसके अलावा प्रवेश एवं निकास नियंत्रण, डबल लॉक व्यवस्था, मशीनों पर लगी सील की स्थिति तथा संबंधित अभिलेखों के नियमित संधारण के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। सीसीटीवी निगरानी प्रणाली हर समय सक्रिय रखी जाए और रिकॉर्डिंग का नियमित परीक्षण किया जाए। उन्होंने सीलिंग प्रक्रिया में पूरी सावधानी बरतने तथा अभिलेखों का पारदर्शी एवं व्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसलिए ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित सभी व्यवस्थाओं में निर्धारित प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। उन्होंने नियमित अंतराल पर गोदाम का निरीक्षण एवं सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव मिश्रा सहित निर्वाचन कार्यालय के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।