
पारदर्शी विकास न्यूज़, कुशीनगर। निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए कुशीनगर में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) पूरी कर ली गई। सोमवार को जिलाधिकारी संजय चौहान ने निर्वाचन कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों का निरीक्षण किया और उनसे मॉक पोल कराया। डीएम ने प्रतिनिधियों से विभिन्न चुनाव चिह्नों के सामने लगे बटन दबाकर मॉक पोल कराने को कहा। इसके बाद वीवीपैट से निकली पर्चियों का डाले गए मतों से मिलान कर सत्यापन कराया गया। इसका उद्देश्य मशीनों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से परखना और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति विश्वास कायम करना था।जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग की मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) और दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक कार्रवाई पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाए।निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एफएलसी की कार्यवाही और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।