
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। देश की साइबर सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में आईआईटी कानपुर के C3iHub और नेशनल फॉरेंसिक विज्ञान यूनिवर्सिटी (NFSU), भोपाल ने 'साइबर सुरक्षा के लिए एजेंटिक एआई' पर पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा किया। इसमें देशभर के 107 प्रोफेसरों, शोधकर्ताओं और तकनीकी विशेषज्ञों को आधुनिक साइबर सुरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया।प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एजेंटिक एआई के माध्यम से साइबर हमलों की पहचान, डिजिटल फॉरेंसिक, रैनसमवेयर विश्लेषण, एथिकल हैकिंग और डिजिटल सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत करने के तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 19 विशेषज्ञ आईआईटी कानपुर परिसर में मौजूद रहे, जबकि 88 प्रतिभागी ऑनलाइन शामिल हुए।इस दौरान आईआईटी इंदौर, ट्रिपल आईटी प्रयागराज, इन्फोसिस, सी-डैक और पीसीआई सुरक्षा मानक परिषद के विशेषज्ञों ने भी अपने अनुभव साझा किए। व्यावहारिक लैब सत्रों के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक साइबर खतरों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया।आईआईटी कानपुर का मानना है कि प्रशिक्षण प्राप्त विशेषज्ञ अपने-अपने संस्थानों में इस तकनीक का प्रसार करेंगे, जिससे भविष्य में स्वदेशी साइबर सुरक्षा समाधान विकसित करने और देश के महत्वपूर्ण डिजिटल ढांचे को अधिक सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।