
PARDARSHI VIKASH NEWS देवरिया के सलेमपुर नगर में ई-रिक्शा में सफर के दौरान महिला के साथ चोरी की वारदात सामने आई। पीड़िता की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से तीन महिलाओं को मौके पर पकड़ लिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।खुखुन्दू थाना क्षेत्र के बालेपुर गांव निवासी सना परवीन अपनी छह वर्षीय बेटी समायरा के साथ आंख दिखाने सलेमपुर आई थीं। डॉक्टर से दवा लेने के बाद वह एस.एस. मॉल के पास एक ई-रिक्शा में बैठकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान उन्हें अपना पर्स खुला मिला। जांच करने पर उसमें रखे 1250 रुपये गायब थे। वहीं उनकी बेटी के हाथ से चांदी का कंगन भी चोरी हो गया था।महिला ने तुरंत ई-रिक्शा चालक को वाहन रोकने के लिए कहा और शोर मचाया। आसपास मौजूद लोगों ने रिक्शे में बैठी तीन संदिग्ध महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक महिला के पास से 500 रुपये, दूसरी के पास से 500 रुपये और तीसरी के पास से 250 रुपये बरामद हुए। बच्ची का चांदी का कंगन भी बरामद कर लिया गया।पूछताछ में तीनों महिलाएं अपना सही नाम और पता नहीं बता सकीं। इसके बाद पीड़िता स्थानीय लोगों के साथ उन्हें थाने ले गई और लिखित शिकायत दी। सलेमपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सोमवार को पुलिस ने तीनों आरोपी महिलाओं को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।