news-details

ई-रिक्शा डीलरशिप के नाम पर लाखों की ठगी कंपनी डायरेक्टर और मैनेजर पर मुकदमा दर्ज

You can share this post!


पारदर्शी विकास न्यूज़ ललितपुर। जनपद में ई-रिक्शा डीलरशिप दिलाने और फाइनेंस कोड खुलवाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पीडि़त व्यवसायी की शिकायत और न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दिल्ली की एक निजी कंपनी के डायरेक्टर और मैनेजर के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक साजिश और धमकी सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सागर रोड मवेशी बाजार निवासी आलोक कुमार पुत्र आल्हा प्रसाद ने बताया कि वह मेसर्स आलोक मोटर्स के नाम से ई-रिक्शा बिक्री का कारोबार करते हैं। उन्होंने ठुकराल इलेक्ट्रिक बाइक प्रा. लि. से डीलरशिप ली थी। आरोप है कि कंपनी के डायरेक्टर जितेंद्र ठुकराल ने ई-रिक्शा फाइनेंस के लिए कोड खुलवाने का भरोसा देकर पीडि़त से छह ब्लैंक चेक हस्ताक्षर करवाकर मंगवाए। बताया गया कि कंपनी के मैनेजर अरुण मिश्रा स्वयं ललितपुर आकर चेक लेकर गए थे। पीडि़त का आरोप है कि कंपनी को पूरा भुगतान किए जाने के बावजूद आरोपियों ने आपस में साजिश कर अमानत के तौर पर दिए गए चेकों का दुरुपयोग किया। आरोपियों ने एक चेक में 1,02,666 रुपये भरकर खाते से रकम निकाल ली, जबकि दूसरे चेक के जरिए 84,931 रुपये निकालने का प्रयास किया गया। जब पीडि़त ने इसका विरोध किया और कानूनी नोटिस भेजा, तो आरोपियों ने अन्य चेकों में भी मनमानी रकम भरकर बैंक में प्रस्तुत कर दिए और मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाने लगे। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी जितेंद्र ठुकराल और अरुण मिश्रा के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2), 351(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।