news-details

ई-पंजीयन के विरोध में अधिवक्ताओं की कलमबंद हड़ताल छठे दिन भी जारी

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात। डेरापुर तहसील में ई-पंजीयन (ऑनलाइन रजिस्ट्री) व्यवस्था के विरोध में अधिवक्ताओं की कलमबंद हड़ताल गुरुवार को लगातार छठे दिन भी जारी रही। तहसील परिसर में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने नई व्यवस्था के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया।बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि ई-पंजीयन व्यवस्था लागू होने से पारंपरिक पंजीयन प्रक्रिया प्रभावित होगी। उनका आरोप है कि ऑनलाइन व्यवस्था के निजीकरण से अधिवक्ताओं की भूमिका सीमित हो सकती है और आम नागरिकों को भी तकनीकी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।वक्ताओं ने कहा कि राजस्व और न्यायिक कार्यों में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका रही है। ऐसे में उनकी आपत्तियों को नजरअंदाज कर नई व्यवस्था लागू करना उचित नहीं है।अधिवक्ताओं ने सरकार से ई-पंजीयन व्यवस्था पर पुनर्विचार करने और अधिवक्ता संगठनों से वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक मांगों का निस्तारण नहीं होगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।इस दौरान अधिवक्ता परिषद के महामंत्री हरिशंकर संखवार, संतोष कुमार यादव, बउअन शर्मा, मनोज कुमार पाल, अरुण कुमार गुप्ता, गिरेंद्र सिंह गौर, शिव शंकर चतुर्वेदी, अमित तिवारी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।