
तनिश सिंह
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। मोहर्रम की 8वीं तारीख की रात हज़रत अब्बास (अ.स.) की शहादत की याद में शहर में पारंपरिक मातमी जुलूस निकाला गया। जुलूस ज़ेर खिड़की मोहल्ले से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से गुजरते हुए चौधराना पहुंचा और पुनः ज़ेर खिड़की लौटकर संपन्न हुआ। जुलूस में बड़ी संख्या में शिया समुदाय के अकीदतमंदों ने शिरकत कर कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की।जुलूस के दौरान अंजुमन हुसैनिया और अंजुमन अज़ा-ए-हुसैन के मातमदारों ने नौहाख़्वानी और सीना-ज़नी करते हुए हज़रत अब्बास (अ.स.) की कुर्बानी को याद किया। "या अब्बास" की सदाओं से पूरा माहौल गमगीन हो उठा और श्रद्धालुओं ने अदब व अकीदत के साथ मातम किया।मातमी जुलूस में ज़ुल्जनाह, अलम और ताबूत आकर्षण का केंद्र रहे। जुलूस मार्ग पर जगह-जगह लोगों ने श्रद्धापूर्वक भागीदारी की और शांति एवं अनुशासन बनाए रखा।सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जुलूस के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया।
