
PARDARSHI VIKASH NEWS हाथरस। उत्तर प्रदेश के सासनी थाना क्षेत्र में स्टेज परफॉर्मेंस के दौरान हरियाणवी डांसर से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।जानकारी के अनुसार, यह घटना 3 जून को हाथरस में आयोजित एक जन्मदिन समारोह के दौरान हुई थी, जहां डांसर परफॉर्मेंस दे रही थीं। इसी दौरान एक युवक स्टेज पर चढ़ गया और कथित तौर पर उनके साथ अशोभनीय हरकतें करने लगा।आरोप है कि युवक ने पहले डांसर की ड्रेस में पैसे डालने की कोशिश की और बाद में दोबारा स्टेज पर आकर उनकी कमर को गलत तरीके से छूने की कोशिश की। इसी दौरान डांसर ने विरोध करते हुए युवक को थप्पड़ भी मार दिया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।घटना के बाद डांसर ने हाथरस पहुंचकर थाने में अपने बयान दर्ज कराए। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है।इधर, डांसर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि वह अपने परिवार के लिए स्टेज पर काम करती हैं और यह लड़ाई केवल उनकी नहीं, बल्कि उन सभी कलाकारों और महिलाओं के सम्मान की है, जिन्हें ऐसे हालात का सामना करना पड़ता है।