
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। कसया तहसील सभागार में बुधवार को आयोजित “सरकार आपके द्वार” विशेष जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम में जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। विधायक पी.एन. पाठक के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि रुद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के पहुंचे और कोई भी जरूरतमंद सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।उन्होंने कहा कि “सरकार आपके द्वार” अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को लोगों के घर-घर तक पहुंचाना है, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने नागरिकों से विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने और अन्य पात्र लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं का गोदभराई संस्कार तथा बच्चों का अन्नप्राशन समारोह आयोजित किया गया। इसके साथ ही निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर लगाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जहां पोषण संबंधी परामर्श और टीकाकरण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया। वक्ताओं ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।रुद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने सेवा, शिक्षा, रोजगार, आधारभूत विकास और विदेश नीति के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष अद्या पांडेय, नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल, फाजिलनगर अध्यक्ष सुनीता शाही, राकेश जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी संतराज सिंह बघेल ने की।