
PARDARSHI VIKASH NEWS फर्रुखाबाद। कादरी गेट क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर उस समय विवाद खड़ा हो गया जब लेंटर डालने के लिए नगर पालिका से पानी का टैंकर उपलब्ध नहीं कराया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर निर्माण कार्य के दौरान बड़ी मात्रा में पानी की आवश्यकता थी, जिसके लिए उन्होंने नगर पालिका से टैंकर की मांग की थी।मोहल्लेवासियों ने बताया कि शुरुआत में नगर पालिका की ओर से टैंकर भेजने की सहमति दी गई थी, लेकिन बाद में टैंकर नहीं भेजा गया। दोबारा संपर्क करने पर भी टैंकर उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया गया। इससे लोगों में नाराजगी फैल गई और नगर पालिका की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे।स्थानीय निवासियों संजीव, देवेश और राजीव ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अपने संसाधनों का उपयोग केवल ठेकेदारों के कार्यों में कर रही है, जबकि आम या धार्मिक कार्यों के लिए सहयोग नहीं किया जा रहा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि लाखों रुपये के टेंडर वाले कार्यों में ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए नगर पालिका की मशीनरी और संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है।स्थिति यह रही कि अंततः मंदिर का निर्माण कार्य हैंडपंप से पानी भरकर पूरा किया गया।वहीं, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विनोद कुमार ने कहा कि उस समय सभी टैंकर पहले से ही अन्य कार्यों में लगे हुए थे, इसी कारण हनुमान मंदिर तक टैंकर नहीं भेजा जा सका।