
PARDARSHI VIKASH NEWS हमीरपुर जनपद के राठ कस्बे के खुशीपुरा इलाके में मोबाइल फोन की लत से जुड़ा एक चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां तीन वर्षीय बच्ची में अत्यधिक मोबाइल उपयोग के कारण मानसिक असंतुलन जैसे लक्षण देखने को मिले हैं।परिजनों के अनुसार, बच्ची को मोबाइल की इतनी गंभीर लत लग गई है कि फोन न मिलने पर वह गुस्सा करने लगती है, रोती है और मारपीट तक करने लगती है। बच्ची के पिता मुबीन अहमद ने बताया कि उनकी बेटी दिन में लगभग 13 घंटे तक मोबाइल देखती है।उन्होंने यह भी बताया कि रात में जब परिवार सो जाता है, तो बच्ची सोते हुए पिता की उंगली से फिंगरप्रिंट लेकर फोन अनलॉक कर लेती है और देर रात तक मोबाइल चलाती रहती है। परिवार के अनुसार, मोबाइल छीनने पर बच्ची का व्यवहार आक्रामक हो जाता है।मुबीन अहमद की दो बेटियां हैं, तीन वर्षीय आयशा और दो वर्षीय खुशी, और दोनों ही मोबाइल की आदी हो चुकी हैं। पिता के मुताबिक, आयशा देर रात मोबाइल देखने के बाद कभी-कभी अजीब व्यवहार करने लगती है और दीवारों से बातें करने जैसी हरकतें भी करने लगती है, जिससे परिवार चिंतित है।बच्ची को इलाज के लिए राठ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद परिजनों को सलाह दी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद यादव ने कहा कि छोटे बच्चों में अधिक स्क्रीन टाइम बेहद नुकसानदायक है और इससे चिड़चिड़ापन, जिद और मानसिक विकास पर असर पड़ सकता है।डॉक्टरों ने परिजनों को बच्चों का मोबाइल उपयोग सीमित करने और उन्हें अन्य गतिविधियों में व्यस्त रखने की सलाह दी है।