
PARDARSHI VIKAS NEWS हमीरपुर में बुधवार शाम यमुना नदी में दर्दनाक हादसा हो गया, जब बच्चों और महिलाओं से भरी नाव बीच नदी में पलट गई। नाव में कुल 10 लोग सवार थे, जिनमें कई बच्चे शामिल थे। हादसे में एक महिला और 5 बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि एक बच्चे की तलाश अब भी जारी है। प्रशासन और राहत एजेंसियां लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।हादसा यमुना नदी के किनारे बसे कुरारा थाना क्षेत्र के कुतुबपुर पटिया गांव में हुआ। शादी समारोह के बाद परिवार और रिश्तेदार नाव से नदी पार कर खरबूजा और ककड़ी खाने गए थे। लौटते समय अचानक नाव असंतुलित होकर पलट गई। नाव चला रहे धीरू ने तीन लोगों को सुरक्षित बचा लिया, लेकिन बाकी लोग नदी में डूब गए।गुरुवार दोपहर तक ब्रजरानी, अर्चना, रानी, लव्यांश और आकांक्षा के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 11 वर्षीय आदित्य अब भी लापता है। उसकी तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फ्लड पीएसी की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। करीब 100 जवानों की टीम 10 नावों के जरिए नदी में सर्च ऑपरेशन कर रही है।अधिकारियों के मुताबिक हादसे वाली जगह पर नदी काफी गहरी है, जिससे गोताखोरों को दिक्कत हो रही है। इसी वजह से नावों को गोल-गोल घुमाकर पानी के दबाव से लापता लोगों को ऊपर लाने की कोशिश की जा रही है। अब नदी में जाल डालकर भी सर्च अभियान चलाने की तैयारी की जा रही है।घटना के बाद नदी किनारे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लापता बच्चे के माता-पिता लगातार अधिकारियों से उसे खोज निकालने की गुहार लगा रहे हैं। मौके पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और राहत दल लगातार मौजूद हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।