
PARDARSHI VIKASH NEWS हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक महिला को गोली मार दिए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल महिला को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।घटना सुमेरपुर थाना क्षेत्र के धुंधपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे सरस्वती (37) पत्नी कमल निषाद अपने पशु बाड़े में जानवरों को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान गांव का रहने वाला 56 वर्षीय अर्जुन वहां पहुंचा और महिला को पकड़ने का प्रयास करने लगा।आरोप है कि महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली महिला के बाएं कंधे को चीरते हुए निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।घायल महिला के अनुसार, गोली चलाने के बाद आरोपी ने दोबारा तमंचा लोड करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और शोर मचाना शुरू कर दिया।शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी पास के एक कमरे में घुस गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। सूचना मिलने पर सुमेरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाकर आरोपी अर्जुन को हिरासत में ले लिया।घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुमेरपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के कारणों व परिस्थितियों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।