news-details

हिंदुओं के कब्रिस्तान पर अवैध कब्जे के खिलाफ मुखर हुए लोग, व्यापार मंडल के अध्यक्ष को दी बाउंड्री वॉल बनवाने की जिम्मेदारी

You can share this post!

 

अमेठी।

 नगर पंचायत के बीआरओ ऑफिस के पास स्थित हिंदुओं के इकलौते कब्रिस्तान पर अवैध कब्जे को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। रविवार को कब्रिस्तान की जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे और क़ब्रिस्तान की भूमि सुरक्षित करने की मांग को लेकर  बड़ी संख्या में ग्रामीण व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष महेश सोनी के कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि गाटा संख्या 248 और 249 में स्थित इस कब्रिस्तान को सुरक्षित करने के लिए वर्ष 2020-21 में नगर पंचायत द्वारा बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए करीब 28 लाख रुपये का टेंडर हुआ था। लेकिन ठेकेदार ने सिर्फ नींव खोदकर खानापूर्ति कर दी और काम अधूरा छोड़ दिया। पांच साल बीत जाने के बाद भी बाउंड्रीवाल नहीं बनी। बाउंड्रीवाल न होने के कारण अब कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ लोगों ने कब्रिस्तान की जमीन पर मकान भी बना लिए हैं। यह कस्बे का इकलौता हिंदू कब्रिस्तान है, जहां गरीब और दलित परिवार अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करते हैं। आर्थिक तंगी के कारण ये लोग शव को कहीं और ले जाने में असमर्थ हैं।  ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते अवैध कब्जे हटाकर बाउंड्रीवाल का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन लेने के बाद व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष महेश सोनी ने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। 2020-21 में नगर पंचायत को बाउंड्रीवाल के लिए पैसा मिला था, लेकिन सिर्फ खानापूर्ति कर काम बंद कर दिया गया।  उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायत है कि कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध निर्माण हो रहे हैं। इस मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर कार्रवाई की मांग की जाएगी। ग्रामीणों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया गया है। ग्रामीण अब प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की उम्मीद लगाए बैठे हैं।