
PARDARSHI VIKASH NEWS कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में कानपुर-इटावा नेशनल हाईवे स्थित एक होटल के बाहर खड़ी कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में आग लगते ही स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास मौजूद लोग वाहन के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या भीषण गर्मी को संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।