
पारदर्शी विकास ब्यूरो देवरिया
*हेतिमपुर, देवरिया।* आर्दश नगर पंचायत हेतिमपुर में कई दशकों-सदियों से चली आ रही परंपरा के अनुसार सनातन धर्म के प्रमुख त्योहार नवरात्रि मेला और विजयादशमी महापर्व बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया गया। मेले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच महुआडीह पुलिस जगह-जगह मुस्तैद रही।इससे पहले नगर अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार यादव ने प्रभु श्री राम की पूजन-अर्चना कर मेले का शुभारंभ किया। इसके बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा सुव्यवस्थित रामलीला का मंचन किया गया, जिसमें मेघनाद-लक्ष्मण शक्ति बाण, कुंभकरण-विभीषण संवाद, कुंभकरण वध, अहिरावण वध और राम-रावण युद्ध के संवादों का जीवंत मंचन कर श्रद्धालुओं को भक्तिमय और जोश से भर दिया।इस दौरान हनुमान जी को नगर अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार यादव सहित अन्य लोगों ने फल और केला खिलाया। इसके बाद रावण की प्रतिमा का दहन कर भव्य मेले का सफल समापन किया गया।विजयादशमी के अवसर पर मेले में पधारे लाखों श्रद्धालुओं को नगर अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार यादव ने नगर पंचायत वासियों को नवरात्रि और विजयादशमी महापर्व की बधाई दी और प्रभु श्रीराम से सभी के सुखी जीवन, अच्छे स्वास्थ्य और सामाजिक उन्नति की कामना की।उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों द्वारा सम्पन्न कराई गई रामलीला ने सनातन धर्म और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। रामलीला के माध्यम से समाज में अच्छा संदेश गया है और भगवान राम के जीवन से सीखने की प्रेरणा मिली है।मेले में लाखों की भारी भीड़ के बावजूद शांति व्यवस्था बनी रही। लोगों ने मेले में जमकर खरीदारी की। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार यादव, सभासद त्रिलोकी गुप्ता, मैना सिंह, शिव जायसवाल, नीरज गुप्ता, सुनील गुप्ता, ब्रजेंद्र गुप्ता, अवधेश यादव, भोला जायसवाल, मुन्ना तिवारी, उमेश निषाद, जनार्दन गिरी, गायक अजय गिरी, राज जायसवाल, रामलीला मंडली समेत लाखों श्रद्धालु उपस्थित रहे।