
पारदर्शी विकास ब्यूरो
हाटा, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को हाटा नगर स्थित सेलिब्रेशन मैरेज हॉल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 134 हिंदू एवं 8 मुस्लिम जोड़ों सहित कुल 142 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुए विवाह समारोह में सामाजिक समरसता, भाईचारे और उत्साह का माहौल देखने को मिला।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाटा विधायक मोहन वर्मा ने नवविवाहित वर-वधुओं को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इस योजना से बेटियों के सम्मान में वृद्धि हो रही है और परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ भी कम हो रहा है।विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और समरसता को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण पहल है।समारोह की विशेष पहल के रूप में सभी 142 नवविवाहित जोड़ों को एक-एक फलदार पौधा भी भेंट किया गया। अतिथियों ने नवदम्पतियों से पौधों का संरक्षण करने की अपील करते हुए कहा कि यह पौधा उनके नए जीवन की शुरुआत के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी प्रतीक बनेगा।कार्यक्रम में हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान से तथा मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से विवाह स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं।इस अवसर पर नगर पालिका हाटा के अधिशासी अधिकारी मीनू सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रामानंद सिंह, ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान, हाटा तहसीलदार जया सिंह, नगर पालिका के बाबू रमाशंकर गुप्ता, बाबू मुंशी सिंह, खंड विकास अधिकारी हरिशंकर मिश्रा, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री बाबू नंदन सिंह तथा केन यूनियन चेयरमैन बाबू सत्येंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।उपस्थित अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभाशीष देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के अंतिम पायदान पर खड़े परिवारों को सम्मान और सहयोग देने का कार्य कर रही है।समारोह के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग, नगर पालिका एवं विकास विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में विधायक मोहन वर्मा ने सभी 142 नवविवाहित जोड़ों को पुनः शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखी, समृद्ध एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की।