news-details

हिरण्यवती नदी पुनर्जीवन अभियान को मिला प्रशासनिक संबल

You can share this post!

पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। कसया तहसील अंतर्गत दिलीपनगर स्थित प्रसिद्ध माँ भगवती कुरुकुल्ला धाम/कुलकुला देवी मंदिर के समीप बहने वाली हिरण्यवती नदी को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे व्यापक श्रमदान एवं सफाई अभियान का बुधवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों, स्वयंसेवकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा किए जा रहे श्रमदान की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरण की प्रेरणादायी पहल बताया।“स्वच्छ नदी, हरित धाम — सामूहिक प्रयास” के संकल्प के साथ चल रहे इस अभियान के तहत माँ भगवती कुरुकुल्ला धाम के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरणीय दृष्टि से समृद्ध बनाने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को बताया कि “श्री कुरुकुल्ला शक्तिपीठ पुनरुत्थान न्यास” के तत्वावधान में गठित “टीम अविरल प्रवाह” द्वारा 20 मई 2026 से नदी सफाई अभियान की शुरुआत की गई है। समिति ने संकल्प लिया है कि हिरण्यवती नदी को पूर्णतः स्वच्छ एवं अविरल बनाए जाने तक श्रमदान लगातार जारी रहेगा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि नदियां केवल जल स्रोत नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और प्राकृतिक विरासत हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सहभागिता से चल रहा यह अभियान समाज में जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्वच्छता के प्रति नई चेतना उत्पन्न करेगा। उन्होंने इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया।जिलाधिकारी ने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए डीसी मनरेगा, तहसील प्रशासन एवं जिला पंचायत राज विभाग को अभियान के प्रभावी संचालन हेतु आवश्यक समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने नदी की साफ-सफाई, जल प्रवाह को अविरल बनाए रखने तथा आसपास के क्षेत्र में स्थायी स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नदी पर पुल निर्माण को भी प्रस्तावित कार्ययोजना में शामिल किए जाने की बात कही गई।इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी, डीसी मनरेगा, तहसीलदार, जिला पंचायत राज अधिकारी, स्थानीय नागरिक, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, “श्री कुरुकुल्ला शक्तिपीठ पुनरुत्थान न्यास” के अध्यक्ष एवं मुख्य न्यासी आचार्य साकेत कुमार मिश्रा तथा “टीम अविरल प्रवाह” के सदस्य उपस्थित रहे।