
Pardarshi Vikas News Banda
आगामी होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अमित आसेरी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों और पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता, इंटरनेट कनेक्टिविटी, स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और बैठने की समुचित व्यवस्था की जांच की गई। जिलाधिकारी ने सभी कमियों को समय से पहले दूर करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी सुनिश्चित करने और सभी कैमरों को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा सामग्री समय पर केंद्रों तक पहुंचाने को भी कहा गया। यह परीक्षा 25 से 27 अप्रैल 2026 तक दो पालियों में आयोजित होगी—प्रथम पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक। जिले के कई विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जिनमें आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खानकाह इंटर कॉलेज, तिंदवारा इंटर कॉलेज, नगर पालिका बालिका विद्यालय, जनता इंटर कॉलेज खुरहंड और मेडिकल कॉलेज शामिल हैं। प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।