
उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने शनिवार को अकबरपुर इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अभ्यर्थियों के प्रवेश, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और वेंटिलेशन की स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा व्यवस्था तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांची गई।
अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों और कक्ष निरीक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और शुचिता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। सभी अभ्यर्थियों के साथ शालीन व्यवहार करने तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने देने पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा पूरी तरह नियमों के अनुरूप और नकलविहीन संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, मोबाइल फोन या संदिग्ध सामग्री के प्रवेश पर सख्त रोक रहे।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने को कहा।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान केंद्र व्यवस्थापक, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक और पुलिस बल मौजूद रहा।