news-details

होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को लेकर प्रशासन अलर्ट,

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kushinagar

 उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, सुरक्षित और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने बुद्धा इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, केंद्रों पर तैनात स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) और अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्र प्रभारियों, पुलिस बल और तैनात कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि अभ्यर्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

गौरतलब है कि जनपद में यह भर्ती परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल 2026 को दो पालियों में आयोजित होगी। प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, ताकि परीक्षा पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पर पहुंचें, केवल आवश्यक दस्तावेज और एडमिट कार्ड साथ लाएं तथा परीक्षा की गरिमा बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनियमितता की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारी या मजिस्ट्रेट को देने की भी अपील की गई है।