
PARDARSHI VIKASH NEWS हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के ज्वालामुखी सिविल अस्पताल में मरीजों को नाश्ते में कथित तौर पर फफूंद लगी ब्रेड परोसने का मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ जब एक मरीज की तीमारदार ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।वायरल वीडियो में ब्रेड पर स्पष्ट रूप से फफूंद जैसी परत दिखाई दे रही है, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन की भोजन व्यवस्था और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। घटना के समय अस्पताल में 8 से 10 मरीज भर्ती थे, जिन्हें सुबह के नाश्ते में ब्रेड दी गई थी।परिजनों का आरोप है कि जैसे ही ब्रेड की गुणवत्ता संदिग्ध लगी, उन्होंने इसकी शिकायत अस्पताल कर्मचारियों से की और किसी भी मरीज ने उसका सेवन नहीं किया। कुछ लोगों ने सबूत के तौर पर ब्रेड के टुकड़े सुरक्षित रख लिए।जानकारी के अनुसार, ब्रेड पर एक्सपायरी डेट 13 जून अंकित थी, लेकिन इसके बावजूद उसमें फफूंद पाई गई। घटना के बाद तीमारदारों ने बाहर से नाश्ते की व्यवस्था की।विवाद बढ़ने के बाद अस्पताल प्रशासन ने भोजन आपूर्ति करने वाले ठेकेदार को निलंबित कर दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर सख्त कार्रवाई होगी।स्थानीय लोगों ने अस्पतालों में मरीजों को दी जाने वाली खाद्य सामग्री की नियमित जांच की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।विशेषज्ञों के अनुसार, फफूंद लगी खाद्य सामग्री का सेवन स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक हो सकता है और इससे फूड पॉइजनिंग, एलर्जी और गंभीर संक्रमण तक का खतरा रहता है, खासकर अस्पताल में भर्ती मरीजों के लिए।