news-details

हांगकांग में बढ़ाया कानपुर का मान, शरद अग्निहोत्री को मिला अंतरराष्ट्रीय सम्मान

You can share this post!

 

कानपुर। लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-बी2 के नवनियुक्त डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शरद अग्निहोत्री का हांगकांग में आयोजित लायंस इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन में शपथ ग्रहण करने तथा वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित होकर गृह नगर लौटने पर शनिवार को कानपुर में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर लायंस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका गर्मजोशी के साथ अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। हांगकांग में आयोजित लायंस इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में लायन शरद अग्निहोत्री एवं लायन रुचि अग्निहोत्री ने सहभागिता की। सम्मेलन के दौरान आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शरद अग्निहोत्री ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर के रूप में शपथ ली। साथ ही उन्हें लायंस सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विश्व मंच पर मेडल प्रदान कर अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान न केवल उनके लिए बल्कि डिस्ट्रिक्ट 321-बी2 और कानपुर के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।

शरद अग्निहोत्री

हांगकांग से लौटने के बाद कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर लायंस क्लब के सदस्यों ने फूल-मालाओं और जोरदार स्वागत के साथ उनका अभिनंदन किया। स्टेशन पर मौजूद पदाधिकारियों और सदस्यों ने उनका उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए सेवा कार्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की।स्वागत समारोह के बाद सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर शरद अग्निहोत्री ने हांगकांग अंतरराष्ट्रीय अधिवेशन के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में दुनिया के विभिन्न देशों से आए लायंस प्रतिनिधियों ने सेवा कार्यों के नए आयाम, आधुनिक कार्यशैली और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभिनव विचार प्रस्तुत किए। इन अनुभवों से प्रेरणा लेकर डिस्ट्रिक्ट 321-बी2 में सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाया जाएगा। पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए शरद अग्निहोत्री ने कहा कि लायंस इंटरनेशनल विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी सेवा संगठन है, जो मानवता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 में डिस्ट्रिक्ट 321-बी2 स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, युवा विकास, महिला सशक्तिकरण, दृष्टि संरक्षण, रक्तदान, आपदा राहत तथा अन्य मानवीय सेवा क्षेत्रों में कई जनकल्याणकारी परियोजनाओं का संचालन करेगा।उन्होंने कहा कि हांगकांग अधिवेशन में प्राप्त वैश्विक अनुभवों और नवीन सेवा अवधारणाओं को स्थानीय स्तर पर लागू किया जाएगा, ताकि समाज के अधिक से अधिक लोगों तक सेवा गतिविधियों का लाभ पहुंचाया जा सके। उनका लक्ष्य लायंस क्लब की सामाजिक भागीदारी को और मजबूत बनाना तथा जनसेवा के नए मानक स्थापित करना है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर्स, कैबिनेट पदाधिकारी, विभिन्न लायंस क्लबों के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। सभी ने शरद अग्निहोत्री का अभिनंदन करते हुए उनके नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट 321-बी2 के सफल एवं सेवा-समर्पित कार्यकाल की कामना की। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, सम्मान और संगठनात्मक एकजुटता से परिपूर्ण रहा।इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने विश्वास जताया कि शरद अग्निहोत्री के नेतृत्व में लायंस इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321-बी2 सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा और शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण तथा मानवीय सहायता के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगा।