
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर और साढ़ थाने जल्द ही नए और आधुनिक भवनों से संचालित होंगे। दोनों थानों के भवन करोड़ों रुपये की लागत से बनकर तैयार हो चुके हैं। फिलहाल पुराने थाना परिसरों से सामान और जरूरी अभिलेख नए भवनों में शिफ्ट किए जा रहे हैं। विद्युत ट्रांसफार्मर लगने के बाद दोनों नए भवनों से थाना संचालन शुरू कर दिया जाएगा।घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत के अनुसार, दोनों थानों के नए भवन करीब 17-17 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए हैं। थाना परिसर के साथ पुलिसकर्मियों के रहने के लिए आवासीय सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। इससे पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान बेहतर सुविधा मिलेगी और आपात स्थिति में वे घटनास्थल पर जल्द पहुंच सकेंगे।नए थाना परिसरों में तीन इंस्पेक्टर और सात सब इंस्पेक्टर के लिए आवासीय क्वार्टर बनाए गए हैं। इसके अलावा 16 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल के लिए भी रहने की व्यवस्था की गई है। परिसर में पुलिस वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान और छोटा ग्राउंड भी बनाया गया है।नए भवनों में पुलिसकर्मियों और फरियादियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि नए थाने शुरू होने के बाद पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा और आम लोगों को भी पहले से अधिक सुविधाएं मिल सकेंगी।एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि दोनों थानों में शिफ्टिंग का काम चल रहा है। ट्रांसफार्मर लगते ही नए भवनों से थाना संचालन शुरू कर दिया जाएगा।