
पारदर्शी विकास न्यूज़ बोधगया। पितृ पक्ष के अवसर पर रतन रोड स्थित धम्मा ग्रैंड होटल एंड रिसॉर्ट में मंगलायतन सेवा ट्रस्ट की ओर से सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ महोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू हुआ। महोत्सव का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रीमद्भागवत ग्रंथ और व्यासपीठ का पूजन किया गया।व्यासपीठ से अखण्ड दया धाम वृंदावन-हरिद्वार के संस्थापक महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी भास्करानंद महाराज ने कहा कि गया धाम में पितृ पक्ष के दौरान विधि-विधान से तर्पण और पिंडदान करने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। यहां पितरों के निमित्त श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण भी पुण्यदायी है।उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत महापुराण जीवन को भक्ति, संस्कार, प्रेम, सदाचार और सकारात्मकता की दिशा देने वाला ग्रंथ है। कथा का उद्देश्य उसके संदेशों को जीवन में अपनाना है। भगवान श्रीकृष्ण के प्रति प्रेम, माता-पिता का सम्मान और समाज सेवा इसकी प्रमुख शिक्षाएं हैं।डॉ. गोपाल चतुर्वेदी ने स्वामी भास्करानंद के धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की। साध्वी कृष्णानंद महाराज ने भजनों की प्रस्तुति दी। महोत्सव में 100 से अधिक ब्राह्मणों द्वारा श्रीमद्भागवत का मूल पाठ किया जा रहा है। मुख्य यजमान दीन दयाल सिंघल और जगदीश प्रसाद सिंघल सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।