
PARDARSHI VIKASH NEWS गोवर्धन के मगोर्रा थाना क्षेत्र में ट्रांसफार्मर से बिजली के तार चोरी होने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने सौख-कुम्हेर रोड स्थित धनीराम फिलिंग स्टेशन के पास लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से तार चोरी कर लिए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।बताया गया कि चोरी की वारदात बीती रात हुई। सुबह लोगों ने ट्रांसफार्मर को क्षतिग्रस्त देखा तो घटना का पता चला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. देवेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी भूमि पर विद्युत विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर स्थापित किया गया था। अज्ञात चोर रात में ट्रांसफार्मर से बिजली के तार चोरी कर ले गए। उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मरों से तार चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।