news-details

गैस नहीं—सड़क पर हाहाकार ,खाली सिलेंडर लेकर हजारों की कतार

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

रसोई गैस की भारी किल्लत के चलते हालात गंभीर हो गए हैं। 42 डिग्री की तेज गर्मी में लोग सुबह 4 बजे से ही गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लग रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें गैस नहीं मिल पा रही है। लंबे समय से एजेंसी के चक्कर काट रहे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। भीषण गर्मी और अव्यवस्था के कारण कई लोग लाइन में खड़े-खड़े बेहोश होकर गिर पड़े। एक महिला अचानक चक्कर खाकर सड़क पर गिर गई, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसके चेहरे पर पानी डाला और उसे पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लगातार तेज धूप में खड़े रहने से बच्चों और बुजुर्गों की हालत भी बिगड़ती नजर आई। छोटे-छोटे बच्चे धूप से बचने के लिए प्लास्टिक के टुकड़ों का सहारा लेते दिखे। स्थानीय लोगों का कहना है कि वे कई दिनों से गैस एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें केवल तारीख देकर वापस भेज दिया जाता है। कुछ लोगों का आरोप है कि एक दिन में सीमित संख्या में सिलेंडर बांटे जाते हैं और बाकी का कोई पता नहीं चलता। लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि जब समय पर गैस उपलब्ध नहीं कराई जा सकती, तो बुकिंग क्यों की जाती है। गैस की कमी के कारण लोगों के घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है। किराये के मकानों में रहने वाले परिवारों को अतिरिक्त परेशानी झेलनी पड़ रही है, क्योंकि मकान मालिक चूल्हा जलाने की अनुमति नहीं देते। मजदूरी करने वाले लोगों की रोज की कमाई भी प्रभावित हो रही है, क्योंकि उन्हें गैस के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। कई परिवारों के सामने खाने का संकट खड़ा हो गया है और बच्चे भूखे रहने को मजबूर हैं। मौके पर पीने के पानी और छाया की कोई व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। मजबूरी में लोगों ने पास के गुरुद्वारे से पानी लाकर पिया। लगातार बिगड़ती स्थिति के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों से संपर्क नहीं हो सका, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ती जा रही है।

लोगों को बेहोश होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया
गैस लेने के लिए आई एक महिला सुबह से लाइन में खड़ी थी। तेज धूप और भीषण गर्मी के कारण अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर सड़क पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आसपास खड़े लोगों ने तुरंत उसके चेहरे पर पानी के छींटे मारे और उसे संभालने की कोशिश की। कुछ देर बाद भी हालत में सुधार न होने पर उसे पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। गर्मी और अव्यवस्था के कारण ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।