
गुरसराय कस्बे में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, स्वावलंबन तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम सर्वेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित शिव महापुराण कथा के दौरान संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में थाना गुरसराय पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों को जानने और विपरीत परिस्थितियों में साहसपूर्वक आगे आने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह भदौरिया, महिला कांस्टेबल प्रतिमा पटेल और आरक्षी आशीष सिंह मौजूद रहे।
मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत टीम ने महिलाओं को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इनमें विधवा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल कल्याण योजनाएं तथा बाल मजदूरी रोकथाम संबंधी प्रावधान प्रमुख रहे।
इसके साथ ही महिलाओं और छात्राओं को जरूरी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें 1090 वूमेन पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा और 112 पुलिस आपातकालीन सेवा शामिल हैं।
टीम ने साइबर अपराधों से बचाव को लेकर भी विशेष जागरूकता फैलाई। महिलाओं को फर्जी कॉल, डिजिटल अरेस्ट, संदिग्ध लिंक, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही यातायात नियमों के पालन और हेलमेट पहनने के महत्व पर भी जोर दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए और सभी को सुरक्षित व सतर्क जीवन जीने का संदेश दिया गया।