
पारदर्शी विकास ब्यूरो कुशीनगर। जनपद में अपराध नियंत्रण और ग्रामीण स्तर पर पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार द्वारा रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन में “ग्राम प्रहरी सम्मेलन” का आयोजन किया गया। सम्मेलन में जिले के सभी थानों के चौकीदार शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों से गौ-तस्करी, चोरी-नकबजनी, अवैध शराब तस्करी तथा अन्य संगीन अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने चौकीदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सूचना तंत्र मजबूत करने, रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर नजर रखने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसपी ने चौकीदारों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। चौकीदारों के मनोबल को बढ़ाने और ड्यूटी के दौरान सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कुल 200 चौकीदारों, जिनमें 188 पुरुष एवं 12 महिला चौकीदार शामिल रहीं, को टिफिन, सीटी डोरी एवं टॉर्च वितरित की गई। पुलिस विभाग की इस पहल को ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।